केराकत। भाजपा के पूर्व विधायक दिनेश चौधरी से जुड़े कथित दो अलग-अलग पैन कार्डों के उपयोग को लेकर गंभीर आरोप लगा है।
सामाजिक कार्यकर्ता विशाल मिश्रा ने दावा किया है कि उनके पास उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार एक पैन कार्ड पर नाम दिनेश चौधरी अंकित है, जबकि आरोप है कि उक्त पैन पहले किसी अन्य व्यक्ति के नाम से जारी था और बाद में उसका उपयोग विभिन्न सरकारी अभिलेखों में किया गया।
विशाल मिश्रा के अनुसार एक पैन कार्ड का उपयोग वाणिज्य कर (सेल टैक्स) विभाग तथा जिला निर्वाचन अधिकारी को दिए गए चुनावी शपथ पत्र में किए जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं दूसरे पैन कार्ड का उपयोग शेयर कारोबार एवं अन्य वित्तीय लेन-देन में होने का आरोप लगाया गया है।
विशाल मिश्रा ने बताया कि अब तक इस संबंध में डीएम अथवा पीएम जन शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन शीघ्र ही संबंधित दस्तावेजों के साथ शिकायत प्रस्तुत की जाएगी। पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने बताया वायरल पैन कार्ड में एक फर्जी है। मेरी बढ़ती लोकप्रियता से प्रतिद्वंद्वी साजिश रच रहे हैं। इस संबंध में साइबर सेल को लिखित शिकायत दे कर जांच करवा रहा हूं।