चौथे और आखिरी चरण के पांच ब्लाकों में कुल 66.04 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। छिटपुट घटनाओं के बीच अंतिम चरण का चुनाव भी निपट गया। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के फत्तूपुर निस्फी बूथ पर अराजक तत्वों ने मतपेटी में पानी डालने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस और ग्रामीणों ने पेटी को सुरक्षित रख लिया। चर्चा है कि ग्राम पंचायत सदस्य के लिए जिस पेटी में वोट पड़े थे उसमें पानी डाल दिया गया है।
हालांकि एसडीएम मछलीशहर विजय बहादुर सिंह का दावा है कि पेटी में पानी डालने ही वाले थे तभी पुलिस और ग्रामीणों ने उन्हें ललकारा और वे पेटी छोड़कर भाग गए। इस मामले में पीठासीन अधिकारी अशोक कुमान ने थाने में तहरीर दी है।
फत्तूपुर निस्फी बूथ पर दिन भर मतदान शांति के साथ हुआ। करीब पौने पांच बजे पचास की संख्या में लोग पहुंचे और सीधे बूथ के अंदर घुस गए। पुलिस लाचार देखती रही और अराजक तत्व वहां से दो मतपेटी लेकर भाग गए। सौ मीटर दूरी पर स्थित एक हैंडपंप चलाकर उसमें पानी भरने लगे।
चर्चा है कि ग्राम पंचायत सदस्य वाली मत पेटी में पानी भर दिया और ग्राम प्रधान वाली मतपेटी में पानी भरने जा रहे थे तभी ग्रामीण और सिपाहियों ने दौड़ा लिया। अराजक तत्व मतपेटी छोड़कर भागने लगे। कुछ ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। जिसमें गांव की इंद्रा देवी(40), मीना (55), फोटो (48), बबलू (30), लालचंद्र (35) और मुन्ना सरोज (45) को चोटें आई।
सूचना पर एसडीएम मछलीशहर विजय बहादुर सिंह और सीए मडिय़ाहूं हितेंद्र कृष्ण मौके पर पहुंच गए। एसडीएम मतपेटी को अपने साथ ले गए और स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया। आरोप है मतपेटी लूटने का विरोध करने पर पीठासीन अधिकारी की भी पिटाई कर दी गई। थानाध्यक्ष रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार फर्जी मतदान को लेकर ग्राम धनौवा मे दो प्रत्याशियों के सर्मथकों में मारपीट हो गई।
जिसमें कुल सात लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक पक्ष से अवधेश नारायण यादव (55), राधेश्याम यादव (45), राजेश यादव (30), पांचूराम (35), राजकुमार (26) तथा दूसरे पक्ष से धमेन्द्र (28), नीलेश यादव (26) शामिल हैं। राजेश और राजकुमार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरईपार प्रतिनिधि के अनुसार सुजानगंज ब्लाक के छीमिया गांव के बूथ पर शरारती तत्वों ने मतपेटी में स्याही डालने का प्रयास किया। यहां करीब 15 मिनट मतदान बाधित रहा। पुलिस बूथ पर पहुंची तो मतदान शुरू हो सका। ग्राम सभा प्यारेपुर में करीब आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने पकड़ा जो फर्जी मतदान के लिए लाइन लगाए थे।