ओलंदगंज फलवाली गली स्थित पंडाल में पहुंची मां दुर्गा की प्रतिमा
शारदीय नवरात्र में दर्शन पूजन के लिए मंदिर और पंडाल सज कर तैयार हो गए हैं। देवी मंदिरों में शुक्रवार को सफाई के साथ सजाने का सिलसिला चला। शनिवार से मंदिर और पंडाल देवी के जयकारे से गूंजेंगे। पूजा समितियों के पदाधिकारी आदि शक्ति की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए पूजा पंडालों में ले गए।
शुक्रवार को देर शाम तक देवी प्रतिमाओं को पंडालों में पहुंचाया गया। शनिवार को हवन पूजन के साथ पंडालों में मूर्तियों की स्थापना की जाएगी। देवी आराधना का पावन पर्व शारदीय नवरात्र शनिवार से शुरू हो रहा है। इसके साथ ही कलश स्थापना कर मां भगवती की उपासना शुरू हो जाएगी।
साफ सफ ाई और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन भी तैयार है। दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधियों की बैठक आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। मां शीतला धाम चौकिया, मां मैहर मंदिर परमानतपुर में शुक्रवार को ही मंदिर की सफाई करने के साथ दर्शन पूजन की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया।
दुर्गापूजा को लेकर बाजार में भी रौनक बढ़ गई। उधर, जिला मजिस्ट्रेट भानुचंद्र गोस्वामी ने बताया कि दशहरा पर्व को सकुशल कराने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। 12 सेक्टर व 27 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। इसके अतिरिक्त 13 रिर्जव मजिस्ट्रेट रखे गये है।