मीरगंज। अंतर जनपदीय चोर बाइक चोरी करने के बाद उसे एक दुकान पर उसे बेच देते थे, जहां दुकानदार बाइकों के पार्ट को अलग-अलग करके आसानी से बेच देता था। इसका खुलासा बुधवार की रात बाइक चोर गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी होने के बाद हुआ है। फिलहाल पुलिस ने चारों का बृहस्पतिवार को चालान कर दिया।
थानाध्यक्ष मीरगंज बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वह थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर के साथ करौर बार्डर पर खड़े थे। तभी सूचना मिली कि एक चोरी की बाइक पर सवार तीन अंतरजनपदीय चोर आ रहे हैं। इस पर पुलिस सतर्क हो गई और चेकिंग करने लगी। इसी दौरान, रात करीब 11 बजे एक बाइक पर सवार तीन व्यक्ति जंघई की तरफ से आते दिखे लेकिन पुलिस को देखकर तेजी से पीछे मुड़ेने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपियों का नाम करन चौहान पुत्र राम उजागिर चौहान निवासी मोलनापुर थाना मीरगंज, अंकित यादव पुत्र राजकुमार यादव निवासी बभनियांव थाना मीरगंज, राजीव यादव ऊर्फ बच्चा पुत्र विजय भारत यादव निवासी बहाउद्दीन खोभरिया थाना तेजी बाजार है। सभी विभिन्न जनपदों में वाहन चोरी करके वे पंकज गुप्ता की दुकान बाबा नगर रेलवे क्रासिंग जंघई थाना सरायममरेज जनपद प्रयागराज को बेच देते थे। वह बाइक का पार्ट अलग-अलग कर बेच देता था। पुलिस ने चोरों की निशानदेही पर पंकज गुप्ता पुत्र शिवकुमार गुप्ता निवासी जंघई बाजार थाना सरायममरेज जनपद प्रयागराज की दुकान पर छापेमारी की। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन बाइक, चोरी के बाइक की तीन चेचिस, चार इंजन, 6 अगला साकर, 36 पिछला साकर, 20 टायर ट्यूब मय रिम, 40 लाक (हैंडिल), 12 साइलेंसर, 6 हेड लाइट, 7 तेल की टंकी, 13 हैडिलस, 6 बंफर, 5 मीटर, 7 मेडगार्ड्स और 20 रिम बरामद किया गया। पूछताछ के बाद आरोपियों का बृहस्पतिवार को चालान कर दिया गया।