स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान में स्वास्थ्य विभाग की 1250 टीम ने सोमवार को 69277 घरों का भ्रमण किया। इस दौरान टीम ने बुखार से पीड़ित 645 लोगों को चिन्हित किया। सर्दी जुकाम से पीड़ित 474 लोगों की पहचान की। जांच के दौरान 945 लोग ऐसे चिन्हित किए गए जिनमें बीमारी के अन्य लक्ष्ण दिखाई दे रहे थे। चिन्हित लोगों को जांच के लिए जिला अस्पताल बुलाया गया है। जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डा. जियाउल हक ने कहा कि घर-घर जांच के लिए लगाई स्वास्थ्य टीमों के सर्वे में बुखार से पीड़ित लोग अधिक मिल रहे हैं। इनकी जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद इनका इलाज किया जाएगा। शासन के निर्देश पर यह अभियान 16 सितंबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान चिन्हित लोग और बीमार लोगों की जांच कराने के बाद इलाज किया जाएगा।
उधर, जिला अस्पताल स्थित पैथॉलाजी में जांच के लिए लोगों की भीड़ लग रही है। बदलते मौसम में लोग तेजी से बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। इस समय मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया के मरीज अधिक मिल रहे है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में भी काफी भीड़ रही। बुखार से पीड़ित लोग मलेरिया और डेंगू की जांच कराने के लिए परेशान दिखे। लैब में जांच की व्यवस्था को बढ़ाने पर बल दिया गया।