पूविवि के एल-वन हास्पिटल में रह रहे कोरोना संक्रमितों के ठीक होने के बाद फूल बरसाकर वापस घर भेजते
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। जिले में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के कारण जहां आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है, वहीं बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमित मरीजों के चेहरे पर मुस्कान देखने लायक थी। बीमारी को मात देकर नई ऊर्जा और नए जोश से लबरेज मरीजों पर आला अफसरों ने फूल बरसाए तो उनका मन प्रसन्नचित हो गया। अफसरों की अपील पर उन्होंने न सिर्फ खुद बचाव नियमों का पालन करने का प्रण लिया, बल्कि दूसरों को भी प्रेरित करने की प्रतिबद्धता जताई।
पूविवि के श्रीनिवास रामानुज अनुसंधान केंद्र में बने कोविड-19 के अस्थाई अस्पताल में जौनपुर और गाजीपुर के कोरोना मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को इसमें 24 मरीज स्वस्थ हो गए। उन्हें विदाई देने खुद डीएम दिनेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के जेडी डॉ. जीसी द्विवेदी, सीएमओ डॉ. रामजी पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सबसे पहले सभी मरीजों का हाल जाना। फिर स्वस्थ हुए मरीजों की हौसलाफजाई की। उन्हें कोरोना योद्धा बताते हुए कहा कि यह जंग उन्होंने अपने जज्बे और विश्वास के बूूते जीती है, बस इसी जज्बे को आगे भी बनाए रखना है। यहां से जाएं तो दूसरों को भी बताएं कि कोरोना से हारना नहीं है। इसका डटकर सामना करना है। चेहरे पर मास्क और दो गज की दूरी बेहद जरुरी है। इस मौके पर डॉ. आरके सिंह, अस्पताल के प्रभारी डॉ. विशाल यादव आदि मौजूद रहे।