सिकरारा/रामपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के लखेसर गांव में मामूली बात को लेकर मनबढ़ों ने कुल्हाड़ी से वार कर पिता और उसकी दो बेटियों को घायल कर दिया। जबकि रामपुर थाना क्षेत्र के विजयगिरि पोखरा गांव में दरवाजे पर रखी बालू छीटने के विवाद में मनबढ़ों ने बहू और सास को मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
लखेसर गांव निवासी राजेन्द्र प्रसाद यादव का पड़ोसी सूरज यादव से सोमवार की देर रात किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। आरोप है कि कहासुनी के दौरान सूरज के बेटे प्रियांशु व हिमांशु ने कुल्हाड़ी से राजेंद्र पर वार कर दिया। चीख पुकार सुन बीच बचाव के लिए राजेन्द्र की बेटी श्वेता (18) व प्रिया (15) पहुंचीं तो उनके भी सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर घायल कर दिया। मारपीट में तीनों को गंभीर रूप से घायल देख पड़ोसियों ने 108 एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद राजेंद्र अपनी दोनों बेटियों के साथ सुबह थाने पहुंचकर तहरीर दी।
वहीं, रामपुर थाना क्षेत्र के विजयगिर पोखरा गांव में दरवाजे पर रखा बालू छीटने से मना करने के विवाद में मनबढ़ों ने महिला की जमकर पिटाई कर दी। महिला की पिटाई का वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई और पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। विजयगिरि पोखरा गांव निवासी कंचन देवी पत्नी शिवम पांडेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसके दरवाजे पर रखा बालू शिवकुमार गुप्ता के बेटे छीट रहे थे। वह मना करने गई तो शिव कुमार के दोनों बेटे और उनके घर की महिलाओं ने उसकी पिटाई कर दी। कंचन के मुताबिक शोर सुनकर बचाव के लिए उनकी सास पहुंची तो मनबढ़ों ने उनकी भी पिटाई कर दी। घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। थानाध्यक्ष रामपुर सम्पूर्णानंद राय ने बताया कि महिला का मेडिकल करा कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।