शाहगंज। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। युवती की मौत के बाद उसकी बहन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शनि यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आजमगढ़ निवासी मृतका की बहन ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी छोटी बहन का शनि यादव निवासी उसराभांदी से लंबे समय से प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती के साथ संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी करने से मना करने लगा। इस दौरान उसके अन्य युवतियों से भी संपर्क होने की जानकारी मिलने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
परिजनों का आरोप है कि युवक के व्यवहार से युवती काफी समय से मानसिक तनाव में थी। 25 मई को वह अपने किराये के कमरे पर गई थी। वहां बाद में उसका शव फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने मोबाइल की जांच की तो युवक से लगातार बातचीत और विवाद से जुड़े कई तथ्य सामने आए।
मृतका की बहन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर ने बताया कि 10 जून को युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपी शनि यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।