मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर गांव में बुधवार को बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चेकिंग के लिए गए बिजली विभाग के कर्मियों से एक उपभोक्ता ने मारपीट की। अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह ने बृहस्पतिवार को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए कोतवाली में तहरीर दी।
अधिशासी अभियंता की तहरीर के अनुसार बिजली चोरी रोकने के सघन अभियान चलाया जा रहा है। वे विभागीय टीम के साथ रानीपुर गांव निवासी उपभोक्ता नागेंद्र यादव के यहां पहुंचकर चेकिग कर रहे थे। उपभोक्ता के यहां छत के ऊपर से बिजली की एलटी लाइन से एक अतिरिक्त केबिल से कंटिया मारा पाया गया। दिखाने के लिए कहे जाने पर उपभोक्ता इंकार कर दिया। चेकिंग के लिए दबाव डालने पर टीम के साथ गाली-गलौज व दुर्व्यवहार करते हुए वाहन चालक कृपा शंकर यादव की पिटाई कर दी। वीडियो रिकार्डिंग करते समय विद्युत कर्मी का मोबाइल फोन छीन लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक किशोर कुमार चौबे ने कहा कि अधिशासी अभियंता की तहरीर मिली है। जांच करके कार्रवाई की जाएगी।