मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के भाऊपुर गांव में सोमवार की रात पान खाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हो गई। इसमें दोनों तरफ से एक-एक लोग घायल हो गए। जिनको उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
भाऊपुर गांव में विजय बहादुर सिंह की पान की दुकान है। कुछ युवक पान खाने आए। इसी दौरान किसी बात को लेकर दुकानदार से विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के विजय बहादुर (60) व दूसरे पक्ष के लल्लन गौतम (60) दोनों घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मछलीशहर सीएचसी भेजवाया। वहां से स्थिति गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लल्लन गौतम की तहरीर पर राजन, राजू, प्रिंस, विवेकी, दीपू के खिलाफ मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। विजय बहादुर की तहरीर पर राकेश गौतम, सतीश गौतम, मुकेश, बेचू और दुर्गेश गौतम के खिलाफ बलवा, मारपीट तोड़फोड़ आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल अश्विनी राय ने बताया कि गुमटी की दुकान पर पान खाने को लेकर मारपीट हुई थी। दोनों तरफ से तहरीर मिली है। दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया है। लल्लन गौतम का आरोप है कि उनका छप्पर जला दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।