सुईथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के रहिमापुर गोपालपुर गांव से मंगलवार की आधी रात को दुधमुंहे बच्चे को मां के पास से उठाकर भाग रहे पिता समेत दो को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उनके साथ मौजूद एक बाइक पर सवार दो अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को शांति भंग में चालान कर दिया।
सरपतहा थाना क्षेत्र के रहिमापुर गोपालपुर निवासी कमलेश मौर्य की बहन रीना की शादी वर्ष 2017 में बक्शा थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी दीपक मौर्य के साथ हुई थी। रीना ने एक बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि पति ससुराल में दारू के नशे में उसकी पिटाई करता था। जिससे आजिज आकर रीना अपने बेटे के साथ मायके आ गई। काफी दिनों से वह मायके में ही रह रही है। बीच में दीपक पत्नी की विदाई कराने ससुराल पहुंचा तो रीना ने साथ जाने से मना कर दिया।
मंगलवार की रात को परिवार के लोग घर के बरामदे में सो रहे थे। उसी दौरान दो बाइक पर सवार चार लोग पहुंचे। रीना की चारपाई से उसके एक वर्ष के बच्चे को उठाकर भागने लगे। रीना ने शोर मचाया तो परिवार के लोग भी जाग गए। शोर सुनकर गांव वालों ने घेर लिया। ग्रामीणों ने घेरकर दीपक और उसके एक साथी को पकड़ लिया। जबकि एक बाइक पर सवार उसके दो साथी फरार हो गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि बालक का अपहरण कर भाग रहे दो लोगों को पकड़ लिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने आई। रीना और उसके परिवार वालों का कहना है कि अगर वे बालक को लेकर जाने में सफल हो गए होते तो आरोप लगा सकते थे कि उसने उनके बच्चे को कहीं गायब कर दिया। थानाध्यक्ष सम्पूर्णानंद राय ने बताया कि पति पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद का मामला है। पकड़े गए दीपक और उसके साथी का शांति भंग में चालान कर दिया गया।