जौनपुर। टीडी कॉलेज में स्नातक और परास्नातक में दाखिले के लिए मंगलवार से प्रवेश परीक्षाएं शुरू हो गईं। 25 जून तक विभिन्न विषयों में प्रवेश के लिए परीक्षाएं आयोजित होंगी। परीक्षाएं तीन पालियों में कराई जा रही हैं।
तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा शुरू हुई। पहली पाली के परीक्षा सुबह आठ बजे से 10 बजे तक हुई। इसमें बीएससी बायो ग्रुप, एमए राजनीति विज्ञान, दूसरी पाली में 12 से 2 बजे तक बीएससी गणित, एमएससी वनस्पति विज्ञान, और एमए गृह विज्ञान की परीक्षा हुई। इसी प्रकार तीसरी पाली में 3 बजे से 5 बजे तक बीकॉम, एमएससी कृषि विज्ञान और एमएससी भौतिक विज्ञान की परीक्षा कराई गई।
प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह ने बताया कि, एमए. अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, दर्शनशास्त्र, संस्कृत, सैन्य विज्ञान, प्राचीन इतिहास, अंग्रेजी, मनोविज्ञान एवं संगीत (गायन) विषय में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए कोई प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। इन विषयों के अभ्यर्थी दिनांक 10 से 20 जुलाई तक संबंधित विभाग में उपस्थित होकर अपना प्रवेश सुनिश्चित करा सकते हैं।