सिंगरामऊ। बुधवार की रात बारिश के दौरान बिजली गिरने से विद्युत उपकेंद्र का इंसुलेटर पंचर हो गया। इससे बिजली की सप्लाई लगभग 20 घंटे से बाधित है। रात 11:30 से बृहस्पतिवार रात आठ बजे तक बिजली नहीं आई थी। इससे आक्रोशित उपभोक्ताओं ने जिम्मेदार अधिकारियों से फाल्ट ठीक कर आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। उपकेंद्र सिंगरामऊ में तीन फीडर रतासी फीडर, कुसहा फीडर, और सिंगरामऊ फीडर की सप्लाई होती है। एक फीडर में 20 से 25 गांव आता है। लगभग 75 गांव में करीब एक लाख से अधिक आबादी 18 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिंगरामऊ, मिश्रौली, बछुआर, तुरकोली, नकहरा, मल्लूपुर, बहरीपुर, घनश्यामपुर आदि गांवों में रात 11:30 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित होने से अंधेरा पसरा है। ऐसे में गर्मी व उमस से लोगों को परेशानी हुई। सबसे ज्यादा दिक्कतें बच्चों व महिलाओं को हो रही है। बिजली नहीं रहने से आम जनमानस को जहां पीने की पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है वहीं पशुओं को चारा-पानी के लिए दिक्कतें हो रही है। शादी विवाह के इस सीजन में व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। क्षेत्र के व्यापारी इंदु कुमार बरनवाल, सुभाष चंद्र, बसंत लाल, दिनेश चंद्र और ग्रामीण पंकज सिंह, केशव प्रसाद, प्यारेलाल आदि ने बिजली निगम की उदासीनता पर रोष व्यक्त किया है।
बिजली गिरने से सिंगरामऊ विद्युत उपकेंद्र का इंसुलेटर पंचर हो गया। फाल्ट जल्द ही दूर कर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे है। -राकेश पांडेय, मुख्य अभियंता वाराणसी