जौनपुर। एक साथ 25 जिलों के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में नौकरी करने वाली अनामिका शुक्ला का रिकार्ड जौनपुर में भी खंगाला गया। हालांकि यहां अनामिका का कोई रिकार्ड नहीं मिला।
राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश पर जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में तैनात शिक्षक और कर्मचारियों का रिकार्ड खंगाला गया। अनामिका का कोई कनेक्शन यहां से नहीं मिला। इसकी रिपोर्ट परियोजना निदेशक को भेज दी गई है। बरेली, सहारनपुर, बागपत समेत अन्य जिलों से अनामिका के कनेक्शन का खुलासा होने के बाद जौनपुर में भी कस्तूरबा विद्यालयों में निर्देश दिए गए। 21 विकास खंड वाले इस जिले में सिरकोनी और सिकरारा को छोड़कर सभी ब्लाक में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश पर जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में नियुक्ति से संबंधित सारे अभिलेखों की जांच कर ली गई है। यहां अनामिका का कोई रिकार्ड नहीं मिला है। इसकी रिपोर्ट निदेशालय को भेज दी गई है।