सिकरारा के शेरवा गाँव मे ख़राब पड़ा इंडिया मार्का हैंडपम्प। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। 40 हजार शहरवासियों के सामने पेयजल संकट गहराया हुआ है। कारण चार माह से रिबोर के अभाव में आठ ट्यूब्वेल बंद पड़े हैं। हालांकि जिम्मेदारों की ओर से कम क्षमता का मोटर लगाकर पयेजल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन वह नाकाफी साबित हो रहा है, जिससे लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। अगर समय रहते जिम्मेदार नहीं चेते तो गर्मी में भयावह स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
सवा तीन लाख आबादी वाले शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए 114 ट्यूबवेल लगाए गए हैं, जिसमें 32 बड़े और 82 छोटे ट्यूबवेल लगाए गए हैं, जिनसे शहरवासियों को पेयजल आपूर्ति की जाती है, लेकिन चार माह से आठ बड़े ट्यूबवेल रिबोर के अभाव में बंद पड़े हैं। इसमें नईगंज, इंग्लिश क्लब, पुरानी बाजार, जिलाधिकारी आवास के पास, सदरचुंगी, हिंदी भवन, खरका कालोनी, भगत सिंह पार्क स्थित ट्यूबवेल हैं। हालांकि इन ट्यूबवेल के क्षेत्र में पानी आपूर्ति के लिए नगरपालिका के जलकर विभाग की ओर से कम क्षमता का मोटर लगाया गया है। इसके माध्यम से इन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन वह पर्याप्त साबित नहीं हो रहा है।
जल निगम को चार ट्यूबवेल नईगंज, इंग्लिश क्लब, पुरानी बाजार और जिलाधिकारी आवास को रिबोर करने के लिए धनराशि जल निगम को भेज दी गई है। जल निगम की ओर से ट्यूबवेल को रिबोर करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। शेष चार ट्यूबवेल को भी रिबोर करने के लिए शीघ्र धनराशि भेजी जाएगी। - उमेश प्रसाद, एक्सईएन, जलकर, नगरपालिका परिषद