मुंगराबादशाहपुर। मुंगराबादशाहपुर के अलग-अलग स्कूलों के दो छात्र लापता हो गए हैं। दोनों छात्रों ने घर वालों चिट्ठी लिखकर कहा कि मुझे ढूंढने में वक्त बर्बाद न करें..। जब तक आप लोग ढूंढेंगे तब तक हम लोग बहुत दूर जा चुके होंगे। चिट्ठी में बच्चों ने अपने मम्मी-पापा से माफी भी मांगी है। साथ ही अपने स्कूल पर कोई भी आरोप लगाने से मना किया है।
अंकित पटेल (13) पुत्र राजेंद्र प्रसाद पटेल व सुजीत कुमार (13) पुत्र विजय कुमार पटेल मुंगराबादशाहपुर के रामनगर मझगवां गांव के रहने वाले हैं। दोनों ही कक्षा आठ में मुंगराबादशाहपुर के अलग-अलग स्कूलों में पढ़ते हैं और दोनों में गहरी दोस्ती भी है। दोनों एक साथ ही स्कूल आते जाते हैं। बृहस्पतिवार की सुबह दोनों बच्चे स्कूल के लिए साइकिल से निकले, लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचे तो दोनों घरों के परिजन परेशान हो गए। ज्यादा देर होने लगी तो परिजनों का सब्र का बांध टूट गया। देर शाम दोनों छात्रों ने अपने अपने सोशल मीडिया एकाउंट से परिजनों के लिए मेसेज डाला कि उन्होंने ने एक लेटर लिखा है जो दुकान पर रखा। मम्मी-पापा उसे पढ़ लें। परिजनों को जब जानकारी मिली तो चिट्ठी ढूंढी। कुछ देर बाद चिट्ठी भी मिल गई। दोनों बच्चों ने अलग-अलग पत्रों के माध्यम से अपने परिजनों से माफी मांगते हुए उन्हें ढूंढ़ने में वक्त जाया न करने की सलाह दी है। दोनों ने साल 2040 में करोड़पति बनकर लौटने की बात कही है। साथ ही यह भी कहा है कि परिजन उनके स्कूल पर किसी प्रकार का इल्जाम न लगाएं। दोनों खुद से गए हैं और उनकी इच्छा के बिना घर वाले या पुलिस उन्हें ढूंढ नहीं पाएंगे । चिट्ठी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। वह फौरन भागकर थाने आए और थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र को घटना की सारी जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर ले ली है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रहीं हैं। कुछ लोगों से पूछताछ की गई है। जल्द ही छात्रों को ढूंढ लिया जाएगा।