शाहगंज के आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी राज राव की मौत के मामले में घटना के दूसरे दिन रविवार को जिला मुख्यालय से डाग स्क्वॉड व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों का कहना है कि टीम को खोजी कुत्ते के माध्यम से अहम सुराग मिले हैं।
अंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी राज राव (21) शुक्रवार की शाम दोस्त के घर शादी के कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। शनिवार की शाम पक्का पोखरा रेलवे क्रासिंग के समीप पुलिया के पास से उनका शव मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। देर रात परिवार व नगर के लोगों ने पुलिस पर जांच में शिथिलता बरतने का आरोप लगाते हुए जेसीज चौक पर यातायात जाम कर दिया था। काफी समझाने के बाद लोग शांत हुए। इस बीच रविवार को दोपहर में जिला मुख्यालय से डॉग हैंडलर मनोज यादव के साथ पहुंचे खोजी कुत्ता शौर्य मौके पर खून लगे ईंट के टुकड़े के पास कुछ देर रुकने के बाद करीब एक किलोमीटर तक आगे गया। इस बीच तीन स्थानों पर खून के धब्बे दिखाई दिए। फोरेंसिक टीम के आनंद सिंह व चंद्रशेखर ने मौके पर नमूने एकत्र किए। पुलिस ने पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या का कहना है कि जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वॉड व फेरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की है। पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।