जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जिला महिला चिकित्सालय का सोमवार को निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती महिलाओं से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निर्देश दिया कि अत्याधुनिक सुविधाओं वाले एमसीएच विंग में मरीजों को भर्ती किया जाय।
जिलाधिकारी ने इमरजेंसी, लेबर वार्ड सहित अन्य वार्डों का गहनता से निरीक्षण किया। एसएनसीयू वार्ड में जाकर रेफरल लिंक, मुस्कान, एसएनसीयू चेक लिस्ट आदि के बारे में जानकारी ली। लेबर रूम में कुल 15 मरीज भर्ती मिले, मरीजों से बच्चों को फीडिंग तथा दवा समय पर देने का निर्देश दिया।पीएमसी वार्ड में बेड नंबर 15 पर प्रसूता प्रीति से अस्पताल के द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सुविधा एवं नाश्ता खाना के संबंध में जानकारी ली। प्रसूता ने बताया कि सुबह चाय एवं ब्रेड, दोपहर लंच में दाल रोटी मिलती है। जिलाधिकारी ने पूछा कि किसी भी प्रकार की अतिरिक्त रुपयों की मांग तो नहीं की जाती, जिस पर प्रसूता ने बताया कि किसी भी प्रकार की कोई अतिरिक्त धनराशि की मांग नहीं की गई है। निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर लक्ष्मी सिंह, सीएमएस पुरुष एके शर्मा, डाक्टर संदीप सहित अन्य उपस्थित थे।