केराकत। भोजपुरी अभिनेता और गोरखपुर सांसद रवि किशन के पिता पंडित श्याम नारायण शुक्ला के निधन पर गुरुवार को शोक जताने के लिए पूरे दिन नेताओं-अफसरों का जमावड़ा लगा रहा। मछलीशहर सांसद बीपी सरोज, पिंडरा विधायक अवधेश सिंह सहित कई नेताओं ने पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। डीएम दिनेश कुमार सिंह व एसपी अशोक कुमार ने सीएम के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के आने के सूचना पर गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सांसद रवि किशन के पिता पं.श्याम नारायण शुक्ला का 31 जनवरी को वाराणसी में निधन हो गया था। वह 92 साल के थे और लंबे समय से बीमार थे। रवि किशन बुद्धवार को अपने पैतृक गांव बिसुई पहुचे थे। उसके बाद से सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। इसमें पिंडरा विधायक अवधेश सिंह, पूर्व एमएलसी विनीत सिंह, बदलापुरपुर विधायक रमेश मिश्र, भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल आदि पहुंचे। त्रयोदशाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री व अन्य मंत्रियों के आने की संभावना पर डीएम जौनपुर दिनेश कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार और केराकत डीएम ने गांव में जाकर तैयारियों की जानकारी ली। गांव में हेलीपैड, पार्किंग की व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम का जायजा लिया। डीएम ने बिजली विभाग, पीडब्लूडी सहित अन्य विभाग को अधिकारियों को भी व्यवस्था को दुरुस्त रखने की हिदायत दी।