धनियांमऊं के पास 33 हजार वोल्ट लाइन का पोल टूटने से नौपेड़वा और सवंशा विद्युत सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इन दोनों सब स्टेशनों से तकरीबन 150 गांवों को बिजली की आपूर्ति की जाती है। आपूर्ति ठप होने से संबंधित गांव के लोगों को गुरुवार की रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। शुक्रवार को पूरे दिन बिजली नहीं आई। लगातार 24 घंटे से बिजली गुल होने के कारण लोगों को तमाम दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। मोबाइल तक चार्ज करने के लिए लोग इधर उधर भटकते रहे।
नौपेड़वा और सवंशा विद्युत सब स्टेशन को 33000 वोल्ट बिजली की आपूर्ति बदलापुर से की जाती है। धनियामऊ के पास गुरुवार की शाम इसी लाइन का एक पोल टूटकर गिर पड़ा। जिससे दोनों विद्युत उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बताया जा रहा है कि धनियांमऊ के पास पोल से लगा स्टेराड किसी शरारती तत्व ने काट दिया था। जिससे शाम को चलरही तेज हवा के चलते पोल धराशायी हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को देकर सप्लाई बंद करवाई।
पोल टूटने से दोनों सब स्टेशनों से संबद्ध नौपेड़वा, गोरियापुर, करतिहा, मगरेसर, मई, दरियावगंज, काजीनेवाद, महनपुर, मोहम्मदपुर, पूराशेरखां, दक्षिणपट्टी रन्नो, बर्रैपट्टी, उत्तरपट्टी, मोहम्मदपुर, बेलापार, बबुरा, उमरछा, खमपुर, गोपालापुर, बक्शा, केवटली, खुशहूपुर, चुरावनपुर समेत 150 गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। गुरुवार को पोल को ठीक करने के लिए नया पोल मंगवा लिया गया। उसे लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया लेकिन शाम छह बजे तक पोल ठीक नहीं हो सका था। अवर अभियंता एसएन सिंह का कहना है कि दोनों सब स्टेशनों की विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए सुबह से ही काम चल रहा है। मौसम ने साथ दिया और बारिश नहीं हुई तो देर रात तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।