आस्ट्रेलिया के सीवी निवासी युवती शेजली दो दिनों से जिले में अपने पूर्वजों का ठिकाना तलाश रही है। उसके मुताबिक उसके पूर्वज शाहगंज के गैरवाह गांव के निवासी थे। जो 4 फरवरी 1895 को यहां से आस्ट्रेलिया चले गए थे। डीएम से मिलकर युवती ने राजस्व अभिलेख मांगा है जिस पर डीएम ने एसडीएम को इस संबंध में युवती की मदद करने का निर्देश दिया है।
आस्ट्रेलियाई युवती शेजली की माने तो उसके पूर्वज टिकैत पुत्र हरि सिंह फरवरी 1895 में आस्ट्रेलिया अपने तीन साल के पुत्र रामचरण सिंह के साथ नौकरी करने गए थे। शेजली रामचरण के पौत्र महेंद्र कुमार की पुत्री है। वह अपने भाई के साथ गुरुवार को जौनपुर के शाहगंज में आई। जहां उसने तहसील अधिवक्ता उमेंद्र सिंह की मदद से जांच पड़ताल शुरू की। गुरुवार को ही वह गैरवाह गांव गई जहां लोगों से बातचीत की।
गैरवाह की ग्राम प्रधान डाली सिंह के ससुर परमात्मा सिंह का कहना है कि युवती की मदद का प्रयास किया जा रहा है। चार पीढ़ी पहले की बात है ऐसे में कुछ खास पता नहीं चल पा रहा है। युवती का कहना है कि वह अपने पूर्वजों की तलाश में यहां आई है।