जौनपुर। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। इसमें उद्यमियों की समस्याओं तथा पहले की बैठकों में लिए गए निर्णयों पर कार्यवाही की समीक्षा हुई। लंबित प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि पात्र आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर अधिक से अधिक ऋण वितरण करें।
जनपद की रैंकिंग किसी भी स्थिति में प्रभावित न होने पाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें। सीडा औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाली, पार्क, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सीडा क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सके। क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया। निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष पाठक सहित विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।