विभिन्न मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद कर्मचारी संघ के नेतृत्व में कर्मचारियों ने बुधवार को पालिका परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मांगों को 15 दिनों में पूरा करने की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज
करने की चेतावनी दी। इस दौरान 12 सूत्री मांग पत्र पालिका के अधिशासी अधिकारी को सौंपा। साथ ही मांग पत्र की प्रतिलिपि शासन व प्रशासन को भी भेजा। संरक्षक मोहम्मद हनीफ ने कहा कि 15 से लेकर पांच वर्ष पहले तक रखे गए
संविदा कर्मियों को समय समय पर आज भी 65 रुपये से लेकर 120 रुपये मजदूरी दी जा रही है। निर्धारित आयु सीमा समाप्त होने के बाद भी विनियमितिकरण करने के बजाय लगभग 92 संविदा कर्मियों को निकाल दिया गया है। जिससे
उनके परिजन भूखमरी के शिकार हो रहे हैं। ऐसे संविदा कर्मियों को बहाल करने की मांग की । उन्होंने बताया कि शासन द्वारा संविदा सफाई कर्मियों की भर्ती पर लगी रोक को हटाने, पूर्व में कार्यरत संविदा सफाई कर्मियों को
विनियमित करने, रिक्त पड़े पदों पर भर्ती करने, राज्य कर्मचारियों की भंाति वेतन का निर्धारण करने, उच्च रिक्त पदों पर विभागीय प्रोन्नति देने, कर्मियों के अधूरी सेवा पुस्तिका पूर्ण कराने, सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन पर बढ़ी हुई
मंहगाई भत्ते की धनराशि समय से देने आदि मांगों को पूरा करने की मांग की गई हैं। धरना देने वालों में शिवशंकर यादव, मोहन यादव, संतोष, निजामुद्दीन, रामलखन, संजय पाठक, बसंतू, राहुल, आशीष, चंदन, रामआसरे, फरीदा, लक्ष्मी सिंह आदि रहे।