गौराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के चोरसंड स्थित एक ढाबे पर शनिवार की रात शराब पीने से मना करने पर बदमाशों ने मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर देर रात करीब दो बजे एसपी डाॅ. अजय पाल शर्मा भी पहुंचे। मामले में पांच अज्ञात पर हत्या का मुकदमा कर पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी हैं।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चोरसंड गांव के पास जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर लकी ढाबा है। शनिवार की रात साढ़े दस बजे पांच बदमाश ढाबे पर खाना खाने आए और जबरन शराब पीने का प्रयास करने लगे। इस दौरान कैश काउंटर संभाल रहे ढाबा मैनेजर शहजाद (25)ने बदमाशों को शराब पीने से मना किया। इस बात को लेकर बदमाशों व शहजाद में कहासुनी होने लगी। इसके बाद सभी बदमाश वहां से कार से चले गए। कुछ देर बाद उन्हीं में से दो बदमाश दोबारा बाइक से ढाबे पर पहुंचे और शहजाद से सिगरेट मांगने लगे। जैसे ही शहजाद सिगरेट देने के लिए नीचे झुका तभी एक बदमाश ने असलहे से दो गोलियां शहजाद को मार दी। गोली शहजाद के कंधे व सीने पर लगी। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। उसकी चीख सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे लोग उसे जिला चिकित्सालय ले गए। वहीं ढाबे पर काम करने वालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच की। देर रात 2 बजे एसपी भी मौके पर पहुंचे। उधर, इलाज के दौरान शहजाद (25) की मौत हो गई। मृतक लाल दरवाजा थाना सरायख्वाजा का रहने वाला है। सीसीकैमरे के माध्यम से पुलिस बदमाशों को पहचानने में जुटी है।
बदमाशों को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की गईं हैं। मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।-बृजेश कुमार, एडिशनल एसपी सिटी।