इस साल सावन माह में शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं को कोविड प्रोटोकाल का पालन करना होगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। सड़क से लेकर मंदिर और शिवालयों तक पुलिस की चौकसी होगी। कहीं भी भीड़ एकत्र नहीं होने पाएगी। सभी थानाध्यक्षों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां शांति समिति की बैठक कर लें और जलाभिषेक के लिए कोविड प्रोटोकाल के बारे में लोगों को जागरूक करें। कांवरियों को भी सोशल डिस्टेंस का पालन करना होगा।
जिले में त्रिलोचन महादेव जलालपुर, गौरीशंकर धाम सुजानगंज, दियांवा महादेव मछलीशहर, सारनाथ महादेव शंभूगंज, करसूलनाथ महराजगंज समेत भगवान शिव के कई ऐतिहासिक मंदिर और शिवालय हैं। जो लोगों की आस्था का केंद्र हैं। सावन माह में जलाभिषेक के लिए इन शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। खास तौर से सोमवार को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होती है। कोरोना के चलते पिछले साल कांवर यात्रा को रोक दी गई थी, लेकिन इस साल कांवर यात्रा भी निकलने की संभावना है। कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। इसलिए कोविड प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। सड़क से लेकर मंदिर तक भ्रमण के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें तैनात की जाएंगी। सड़क पर भी कहीं श्रद्धालुओं की भीड़ एकत्र नहीं होने पाएगी। मंदिर में सोशल डिस्टेंस के साथ लोग जलाभिषेक कर सकेंगे। एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार का कहना है कि सावन मेले में सुरक्षा व्यवस्था और कोविड प्रोटोकाल का पालन कराने की तैयारी कर ली गई है। सभी थानेदारों को स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठक कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क से लेकर मंदिर तक पुलिस टीम भ्रमण करती रहेगी।