जौनपुर। पंचायत चुनाव के बाद खाली रह गए पदों का विवरण जुटाना शुरू कर दिया गया है। डीपीआरओ ने सभी एडीओ पंचायत को पत्र भेजकर 12 मई तक सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
जिले में 1740 ग्राम प्रधान, 2027 बीडीसी व 83 जिला पंचायत सदस्य सहित 21544 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए चुनाव समाप्त हो गया है। इसके बावजूद अधिकांश गांवों में ग्राम पंचायत सदस्य के पद रिक्त रह गए हैं। कुछ ब्लाकों में निर्वाचन के बाद ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य की मौत से भी सीटें रिक्त हुई हैं। अब इन पदों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। इसके लिए डीपीआरओ ने ब्लाकों में तैनात सभी एडीओ पंचायत को शुक्रवार को पत्र भेजा है। सभी एडीओ पंचायत को आरओ और एआरओ से रिक्त पदों की सूचना लेकर 12 मई तक उपलब्ध कराने को कहा गया है। ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी हिदायत दी गई है। डीपीआरओ संतोष कुमार का कहना है कि पंचायत चुनाव के बाद खाली रह गए ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, बीडीसी सदस्य पदों का आंकड़ा जुटाने का निर्देश सभी एडीओ पंचायत को पत्र भेज कर दिया गया है। उनको यह सूची 12 मई तक उपलब्ध कराने को कहा गया है, ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।