बदलापुर। श्रीकृष्णानगर रेलवे स्टेशन पर वाराणसी से चलकर लखनऊ तक जाने वाली शटल एक्सप्रेस और बेगमपुरा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर शनिवार को रेलवे स्टेशन श्रीकृष्णा नगर पर ढाई घंटे तक धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन विधायक रमेशचंद्र मिश्र के प्रतिनिधि गंगा प्रसाद सिंह एवं स्टेशन अधीक्षक मनोज यादव को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने रेलमंत्री को चेताया कि यदि एक माह के भीतर रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव नहीं किया गया तो यह प्रदर्शन रेल रोको आंदोलन को गति देगा। दो वर्षों से वरुणा एक्सप्रेस का परिचालन कोरोना संक्रमण के चलते बंद कर दिया गया है। उसके स्थान पर एक नई ट्रेन शटल सुपरफास्ट के नाम से चलाई जा रही है। इसका ठहराव श्रीकृष्णा नगर रेलवे स्टेशन पर न होने से यात्रियों को आने-जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है जबकि इस स्टेशन से प्रतिदिन पांच सौ से अधिक यात्रियों का आवागमन लखनऊ एवं वाराणसी सहित अन्य बीच वाले स्टेशनों के लिए होता था।
इसी तरह, वैष्णो देवी तक चलने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस का भी ठहराव उक्त स्टेशन पर आवश्यक है। वाराणसी से सुल्तानपुर चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का संचालन भी बंद है। इसके न चलने से यात्रियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता अशोक कुमार सिंह संचालन आदित्य प्रताप सिंह ने किया। इस प्रदर्शन करने वालों में वैभव सिंह, सुधीर सिंह मुन्ना, प्रमोद नारायण शुक्ल, राजदेव सिंह, दुर्गा प्रसाद साहू, अनिल सिंह, हनुमंत लाल शर्मा, सत्यम सिंह, संजय यादव, शिवम अस्थाना, राम कृष्ण सिंह, रामसागर शर्मा, हरीलाल मोदनवाल आदि रहे।