जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय स्ववित्तपोषित महाविद्यालय शिक्षक एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर शिक्षकों के वेतन का भुगतान कराए जाने की मांग की।
अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह ने कहा कि स्ववित्तपोषित शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों के सामने भुखमरी की समस्या खड़ी हो गई है। महाविद्यालयों ने 2019 में दाखिला के समय ही छात्रों से पूरी फीस जमा करा लिया। लेकिन कोरोना संक्रमण के दौरान शिक्षकों का वेतन रोक दिया। कुलपति एवं कुलसचिव को पत्र देने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं की गई। जबकि वेतन भुगतान के सम्बंध में उच्चाधिकारियों द्वारा आदेश भी निर्गत किया गया है। स्ववित्तपोषित शिक्षक महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर अध्यापन कार्य करने के बाद भी भुखमरी के कगार पर है। इस विषम परिस्थिति को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री स्ववित्तपोषित शिक्षकों के समस्या का समाधान कराएं ताकि शिक्षक सम्मान से जीवन यापन कर सकें। ज्ञापन देने वालों में डॉ. रमन कुमार सिंह, डॉ. सन्तोष कुमार सिंह, डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. संजय कुमार तिवारी, डॉ. नीलेश कुमार सिंह, डॉ. संजय कुमार यादव, डॉ. सुधा सिंह आदि मौजूद रही।