जौनपुर। संस्कार भारती की वार्षिक योजना बैठक रविवार को नगर के एक बैंक्वेट हॉल में हुई। इसमें पिछले वर्ष के कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी सत्र की कार्ययोजना पर मंथन किया गया। महामंत्री अमित कुमार गुप्ता ने वार्षिक प्रतिवेदन और कोषाध्यक्ष राजकमल ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और ध्येय गीत से हुआ। जनार्दन प्रसाद अस्थाना ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संस्था की मजबूत रीढ़ होता है। काशी प्रांत की प्रांतीय उपाध्यक्ष सुचरिता गुप्ता ने लोक कला, लोकगीत और लोक संगीत के संरक्षण में संस्कार भारती की भूमिका पर प्रकाश डाला। काशी प्रांत के महामंत्री सुजीत ने कहा कि संस्था मंच कला, कला धरोहर, दृश्य कला, लोक कला और साहित्य कला के माध्यम से भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचा रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक प्रमुख रामचंद्र ने भी संस्था के कार्यों की सराहना की।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक लोगों को भारतीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने का संकल्प लिया गया। अंत में दिवंगत सदस्यों एवं उनके परिजनों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ।