खेतासराय थाना क्षेत्र के मनीकला गांव निवासी कक्षा पांच के छात्र का शव समीपवर्ती दूसरे गांव के श्मशान घाट के नाले में मिला। छात्र की मां ने तीन नामजद नाबालिग आरोपियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
यह है पूरा मामला
गांव निवासी सूरज बिंद (14) गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। 12 मार्च को शाम घर से गांव निवासी कुलदीप बिंद की बरात में जाने के लिए कहकर घर से निकला था, लेकिन दूसरे दिन नहीं लौटा। पता चला कि वह बरात में गया ही नहीं था। परिजन थाने में गुमशुदगी दर्ज करा कर उसकी तलाश कर रहे थे।
पुलिस गांव में छात्र के साथ देखे गए संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ कर रही थी। उन्हीं आरोपियों की निशानदेही पर सूरज का शव फरीदपुर गांव के श्मशान घाट के पास नाले में मिट्टी के नीचे दबा मिला। शव के ऊपर जलकुंभी रखकर उसे ढक दिया गया था।
थानाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया है। मां की तहरीर पर तीन नामजद नाबालिग आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।