लुधियाना से कमाकर घर लौट रहे युवक का शव शाहगंज के पास रेलवे लाइन पर मिलने से सनसनी फैल गई। युवक ने शाहगंज स्टेशन पहुंचने पर फोन से घर वालों को बुलवाया था। परिजन स्टेशन पर खोजते रहे लेकिन उसका पता नहीं चला। मोबाइल भी बंद आ रहा था। सुबह पता चला कि आजाद नहर के पास रेलवे क्रासिंग पर उसका शव मिला था। पुलिस ने रात में शव मर्चरी हाउस में रखवा दिया था। परिजनों का आरोप है कि लूट की नीयत से युवक की हत्या कर शव पटरी पर रख दिया गया।
सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के कुहियां गांव निवासी घनश्याम (35) पुत्र राम किशोर पंजाब प्रांत के लुधियाना में काम करता था। बुधवार की शाम वह परिजनों को फोन से सूचना दिया कि शाहगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंचा है। सूचना पर परिवार के लोग स्थानीय स्टेशन पहुंचे। जहां तलाश करने के बाद जब वह नहीं मिला तो लोगों ने मोबाइल पर संपर्क करना चाहा जिसका नंबर स्विच आफ था। काफी देर तक परिवार के लोग उसकी तलाश में लगे रहे। लेकिन उसका पता नहीं चल सका। देर रात आजाद नहर स्थित रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे ट्रैक पर शव की सूचना पर पहुंची कोतवाली ने अज्ञात युवक के शव को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात युवक के शव मिलने की जानकारी पर गुरुवार दोपहर परिजन कोतवाली पहुंचे जहां से पता चला कि शव जिला मुख्यालय स्थित मर्चरी हाऊस भेज दिया गया। परिजनों ने मृतक की पहचान की। मृतक के शरीर पर बनियान व अंडर वियर ही था। जिसके चेहरे और कंधे पर चोट थी। कमाकर लौटे युवक के समान, मोबाइल व शरीर के कपड़े भी नदारत थे। परिजनों ने लूट की नियत से हत्या किए जाने और सबूत मिटाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर रखने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाबत प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि अज्ञात युवक का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिली तो केस दर्ज कर छानबीन की जाएगी।