शाहगंज। क्षेत्र के मलहज मोड़ के समीप बुधवार को दोपहर में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने वाहन समेत चालक को हिरासत में लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मलहज गांव निवासी महेन्द्र यादव (55) नगर के रोडवेज स्थित एक मिष्ठान की दुकान पर काम करते थे। बुधवार को दोपहर में वह दुकान से किसी काम के लिए बड़ागांव जा रहे थे। मलहज मोड़ के पास पहुंचे थे, इसी बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। इस हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस ने चालक और वाहन को कब्जे में लिया है ।