गौराबादशाहपुर। क्षेत्र के पौनी गांव के पास मंगलवार की रात बदमाश तमंचे से आतंकित कर युवक से बाइक लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के भौसिंहपुर गांव निवासी हीरालाल की पुत्री की मंगलवार की रात शादी थी। हीरालाल का भतीजा अनिल रात में बाजार से कोई सामान लेने गोसाईगंज बाजार आया था। देर रात सामान ट्रैक्टर पर लदवाकर वह बाइक से घर लौट रहा था। वह पौनी गांव के ब्रम्ह बाबा मंदिर के पास पहुंचा था कि एक बाइक पर सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने अनिल को तमंचा दिखाकर रोक लिया। रुकते ही बदमाश बाइक छीनने लगे। विरोध करने पर एक बदमाश ने तमंचे से हवाई फायर कर दिया। दोनों बदमाश अनिल की बाइक लेकर गोसाईगंज की तरफ फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर जब लोग पहुंचे तो अनिल ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। थानाध्यक्ष रामप्रवेश कुशवाहा का कहना है कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस छानबीन कर रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।