संवाद न्यूज एजेंसी जौनपुर। लुंबिनी-दुद्धी राष्ट्रीय राजमार्ग 225 से लपरी से अतरौरा होते हुए मुबारकपुर तक मार्ग को चौड़ीकरण सुदृढ़ीकरण के तहत सुधारा जाएगा। इसमें करीब 25 करोड़ खर्च किए जाएंगे। जिसका प्रस्ताव शासन स्तर पर भेज दिया गया है। इस मार्ग का निर्माण होने से 60 हजार से अधिक लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा।
लपरी-अतरौरा- मुबारकपुर मार्ग से लोग खुटहन, शाहगंज, जौनपुर व आजमगढ़ तक आवागमन करते हैं। दो साल से मार्ग जर्जर होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन और दुश्वार हो जाता है। सबसे ज्यादा दिक्कतें बीमार व स्कूली बच्चों को होती हैं। इस मार्ग की मरम्मत के लिए लगातार मांग की जा रही थी, इसके मद्देनजर पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड की ओर से प्रस्ताव बनाकर शासन स्तर पर भेज दिया गया है। बजट जारी होने पर कार्य शुरू कराया जाएगा। पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि लपरी-अतरौरा मार्ग को चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेज दिया गया है। बजट जारी होने पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।