विंध्याचल से लौट रही दर्शनार्थियों से भरी बोलेरो शनिवार की रात मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर के पास ट्रक से जा भिड़ी। जिससे बोलेरो में सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया।
आजमगढ़ जिले के छविका पूरा रौनापार गांव के लोग विंध्याचल दर्शन करने गए थे। वहां से सभी रात को लौट रहे थे। बोलेरो जब देर रात को मड़ियाहूं के शिवपुर के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर होने के बाद बोलेरो सड़क पर पलट गई। जिससे उसमें सवार सवार सुनील शर्मा (28), सुभाष(26), चन्द्रावती (65), मीना देवी (60), आरती (25), खुशबू (23), राहुल (7), गुडिया (14) घायल हो गए।
घायलों की चीख पुकार सुन कर गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्होंने सभी घायलों को किसी तरह वाहन से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।