जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में युवक समेत तीन की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शाहगंज : खेतासराय थाना क्षेत्र के मानीकलां गांव निवासी वसीम अहमद (35) व हबीब अहमद पुत्रगण अब्दुल गनी बाइक से अपने बहन गुड़िया की ससुराल सुल्तानपुर जनपद के कादीपुर थाना क्षेत्र के अशोकपुर गलगला शहीद ईदी का सामान पहुंचाने जा रहे थे। अक्खन सराय के समीप पुलिया के पास बोलेरो की चपेट में आ गए। हबीब उफ़ॱर मोनू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और हबीब घायल हो गया। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और पीछे से आ रहे बाइक सवार छोटेलाल भारद्वाज (35) व तिलकधारी (40) निवासी रफीपुर शाहगंज उनसे भिड़कर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। नाराज लोगों ने मौके पर सड़क जाम कर दिया। एसडीएम जेएन सचान के समझाने बुझारने पर घंटेभर बाद जाम समाप्त हुआ।
करंजाकला : मल्हनी पड़ाव निवासी निजामुल (23) पुत्र जुबेर, आरिफ (24) पुत्र हारुन के साथ बाइक से शाहगंज जा रहे थे। सिद्दीकपुर के पास सामने से आ रहे बाइक सवार से टक्कर हो गई। तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने निजामुल को मृत घोषित कर दिया।
मुंगराबादशाहपुर : बेचुलाल बिंद (60) निवासी फुत्तुपुर थाना फूलपुर इलाहाबाद क्षेत्र के पूरा दयाल गांव में अपनी बेटी के घर आया था । शनिवार की सुबह अपने घर जा रहे थे। हाईवे पर बाइक से टक्कर हो गई। बेंचू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार राम तिवारी (30) निवासी बीरापुर प्रतापगढ़ घायल हो गए।
मीरगंज : जंघई से मछलीशहर जा रही टाटा मैजिक गाडी अदारी बाजार के पास अनियन्त्रित होकर प्राथमिक स्कूल के गेट से टकरा गई। वाहन में सवार करौर गांव के धर्मराज (45), विजय प्रताप (35), संतोष (32), इंद्रावती (40), शिव कुमार (58), गायत्री (46), सावित्री (38) घायल हो गए। सभी को सीएचसी मछलीशहर में भर्ती कराया गया है।
मछलीशहर: पंवारा थाना क्षेत्र करौंदी गांव निवासी ओम प्रकाश (45) बाइक से घर की तरफ लौट रहे थे। बटनहित गांव के पास सड़क पर खेल रही छह वर्षीय बालिका सृष्टि बाइक की चपेट में आ गई। दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।