मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकीखुर्द, बदलापुर थाना क्षेत्र के फत्तूपुर और महाराजगंज के सुजानगंज में गुरुवार की रात तीन घरों से चोरों ने नकदी समेत लाखों का माल पार कर दिया। चौकीखुर्द गांव में रिटयर्ड अपर पुलिस अधीक्षक के घर में घुसे चोर रुपयों भरा बैग लेकर फरार हो गए।
चौकीखुर्द गांव निवासी सभाजीत पाण्डेय अपर पुलिस अधीक्षक के पद से रिटायर्ड हुए हैं। वह गांव में ही परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार की रात चोर छत के रास्ते आंगन में उतरे और कमरे का ताला तोड़ दिया। आवाज सुनकर सभाजीत पांडेय की पत्नी की नींद टूट गई और उन्होंने कमरे की लाइट आन कर दी। इतने में चोर भाग गए। भागते समय सिर्फ एक बैग उनके हाथ लगा था जिसमें पांच हजार रुपये और कागजात थे। रिटायर्ड एएसपी का कहना है कि रात में थानाध्यक्ष को फोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ तो उन्होंने लखनऊ में पुलिस के उच्च अधिकारियों को फोन कर जानकारी दी।
लखनऊ से फोन आने पर थानाध्यक्ष रात में मौके पर पहुंचे और छानबीन की। उधर बदलापुर थाना क्षेत्र के फत्तूपुर गांव निवासी बैंक कर्मचारी रामदवर यादव के घर में घुसे चोरों ने आलमारी तोड़ दी और उसमें रखे एक लाख नकदी समेत पांच लाख से अधिक के आभूषण उठा ले गए। सुबह चोरी का पता चला। पुलिस और डागस्क्वायड टीम भी पहुंची। उधर खेतासराय के जैगहां बाजार में अंग्रेजी शराब की दूकान और किराने की दुकान का ताला तोड़कर हजारों का माल चोरों ने पार कर दिया। महराजगंज ः सुजानगंज थाना के मनिकापुर गांव निवासी कल्पनाथ उपाध्याय के मकान में घुस कर बाक्स का ताला तोड़ कर चोर नकदी समेत दो लाख के आभूषण उठा ले गए।