थाना क्षेत्र के चौकिया गांव में अपनी ससुराल आए युवक ने शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पत्नी की विदाई कराने आया था। पत्नी ने साथ जाने से मना किया तो आटो रिक्शा की टंकी से पेट्रोल निकाल कर शरीर
पर उड़ेल लिया और आग लगा ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जौनपुर नगर कोतवाली क्षेत्र के मीर खां कुआं मोहल्ला निवासी फिरोज अहमद (30) आटो रिक्शा चलाता था। वह रविवार को पत्नी आयशा
की विदाई कराने के लिए आटो रिक्शा लेकर अपनी ससुराल खेतासराय थाना क्षेत्र के चौकियां गांव आया था। आयशा अपनी बहन के प्रसव के बाद उसकी देखभाल करने के लिए मायके आई थी। आयशा का कहना है कि उसने पति से कहा था कि
छोटी बहन का प्रसव आपरेशन से हुआ है। उसकी देखभाल के लिए वह अभी एक सप्ताह तक और रुकना चाहती है। इसी बात से नाराज होकर फिरोज घर से निकल गया। घर से तकरीबन 100 मीटर दूरी पर उसने आटो रिक्शा की टंकी से
पेट्रोल निकाला और उसे शरीर पर उड़ेल कर आग लगा ली। आग का गोला बनकर वह चिल्लाने लगा तो गांव के लोग दौड़ कर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई। उसे लेकर अस्पताल जाने की तैयारी हो रही थी तभी उसने दम
तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिरोज दो बच्चों का पिता था। उसकी बड़ी बेटी आरेफा चार साल की और बेटा फैसल दो साल का है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।