बेटे के साथ हुए झगड़े की उलाहना लेकर पड़ोसी के घर गए शिक्षक विनोद सोनी (42) की रविवार की शाम लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना डफलटोला मुहल्ले की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार हमलावरों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के डफलटोला मुहल्ला निवासी विनोद सोनी फरीदुल हक मेमोरियल डिग्री कालेज सबरहद में शिक्षक थे। रविवार की शाम को उनका बेटा सनी सोनी (18) पड़ोसी के घर गया था।
वहां किसी बात को लेकर उससे विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने उसके साथ गाली-गलौज की। वहां से लौटने के बाद सनी ने अपने पिता को पूरी बात बताई।
इसके बाद बेटे के साथ विनोद उलाहना लेकर पड़ोसी के घर गए जहां विवाद और बढ़ गया। ऐसे में पड़ोसियों ने लाठी-डंडे से उनपर हमला कर दिया। लहूलुहान विनोद को लेकर लोग एक निजी चिकित्सालय पहुंचे।
वहां डाक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद लोग उन्हें लेकर राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घर छोड़कर फरार हमलावरों की
तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। कोतवाल मंजय सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। बहुत जल्द वे शिकंजे में होंगे।