बक्शा पुलिस की गिरफ्त में टैंकर के साथ बदमाश।
पाम आयल लदे दो टैंकर समेत उसके चालक और खलासी को बंधक बनाकर मालिक से फिरौती मांगने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही टैंकर चालक और खलासी को मुक्त कराया।
एसपी रोहन पी कनय ने शनिवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि पाम आयल लदा दो टैंकर बक्शा थाना क्षेत्र के भोलानगर के पास रोक कर मालिक से फिरौती की मांग की गई थी। मालिक धिलौड़ कला रोहतक, हरियाणा निवासी रवींद्रपाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन शुरू की।
शुक्रवार की रात भोला नगर स्थित एक होटल से आरोपी कटाहित खास, मछलीशहर निवासी विनोद यादव और बक्शा के औंका गांव निवासी अजीत यादव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से टैंकर भी बरामद कर लिया।
चालक राजेंद्र कुमार मेघावल निवासी खोह रामगढ़ अलवर राजस्थान, प्रदीप कुमार यादव निवासी अगरौरा, थाना बक्शा को मुक्त कराया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय, उप निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, कांस्टेबिल राम सिंह, कृष्णपाल सिंह, रमेश चंद्र, नरेंद्र यादव शामिल थे।