हौसला बुलंद बदमाशों ने बुधवार को थाने के सामने मंडी समिति के कर्मचारी को तमंचा सटाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। पुलिस के जवान तमाशबीन बने रहे लेकिन कुछ लोगों ने दिलेरी दिखाई और एक बदमाश को दौड़ाकर दबोच लिया।
बदमाश का साथी पुलिस के सामने से ही बाइक लेकर भाग निकला लेकिन वह पीछा करने के बाद भी उसे पकड़ नहीं सकी। इस मामले में पुलिस केस दर्ज कर फरार बदमाश की तलाश में जुट गई है। यह हाल है डीजीपी के गृह थाने
मुंगराबादशाहपुर का। कृषि उत्पादन मंडी समिति में अभिरक्षक पद पर तैनात अश्वनी कुमार श्रीवास्तव बुधवार को 11 बजे मंडी समिति का 58 हजार रुपये बैग में रखकर यूनियन बैंक आफ इंडिया के खाते में जमा करने जा रहे थे। वह जैसे ही
थाने के बगल वाले चौराहे पर बाइक खड़ी करने के लिए उतरे, पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाश आये और अश्वनी श्रीवास्तव की कनपटी पर तमंचा सटा कर रुपयों से भरा बैग छीनकर भागने लगे। अश्वनी ने शोर किया तो चौराहे पर
मौजूद कुछ लोगों ने साहस दिखाया और बदमाशों को दौड़ा लिया और एक को पकड़ कर जमकर पीटा। मौका देख दूसरा बदमाश बाइक लेकर फरार हो गया। लोगों का कहना है कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर कुछ पुलिस वाले भी खड़े थे
लेकिन उन्होंने भाग रहे बदमाश को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं किया। बदमाश को पकड़ कर लोग थाने ले गए। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने पीछा करना शुरू किया। लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस से पूछताछ में पकड़ेे गए
बदमाश ने अपना नाम श्यामबाबू पुत्र सोहनलाल निवासी रमगढ़वा थाना धानेपुर जिला गोंडा बताया है। उसने अपने दूसरे साथी का नाम राजेश बताया है। उधर रुपयों से भरा बैग मिलने पर अश्वनी श्रीवास्तव ने राहत की सांस ली। पुलिस दोनों बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर दूसरे की तलाश में जुट गई है।