सरायख्वाजा थानाक्षेत्र के कैसरपुर भौरही गांव निवासी एक युवक की पुरानी रंजिश में कुछ लोगों ने रविवार की रात लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। फिर गोली मारकर घायल कर दिया।
पीड़ित को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। घरवालों ने चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। कैसरपुर भौरही गांव निवासी पीड़ित हरेंद्र (25) के अनुसार रविवार की रात सवा आठ बजे वह दवा लेने जा रहे थे।
उनका आरोप है कि हड़ही मोड़ पर पहुंचने पर वहां पहले से ही चार लोग खड़े मिले। इन लोगों ने उनको देखते ही लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद गोली मार दी। गोली कमर में लगी है।
घटना की जानकारी होने पर घरवालों ने हरेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया। हरेंद्र के चाचा रामचंदर गौतम ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने
की मांग की है। पुलिस ने इस संबंध में तीन आरोपियों को घर से हिरासत में ले लिया। जिस समय आरोपियों को हिरासत में लिया गया, वे खाना खा रहे थे।
इस संबंध में एसओ केके मिश्रा का कहना है कि घटना संदिग्ध है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि 26 दिसंबर 2015 इन्हीं आरोपियों के साथ हरेंद्र की मारपीट हुई थी। पीड़ित का आरोप है कि इसी मामले को लेकर रविवार को आरोपियों ने यह वारदात की।