नगर के आजमगढ़ मार्ग स्थित एचडीएफसी बैंक के पास फरवरी में बदमाशों ने 25 लाख रुपये फ्लोर मिल के मुनीब से लूट लिया था। पुलिस इस मामले में चुप्पी साधकर बैठ गई है। जबकि आईजी एसके भगत और डीआईजी ने भी घटना के शीघ्र खुलासे का दावा किया था।
भाजपा नेता ओम प्रकाश जायसवाल का ताखापूरब गांव स्थित सीसी रोड पर पूर्वांचल फ्लोरमिल प्राइवेट लि. के नाम से मैदा फैक्ट्री है। 22 फरवरी को उनका मुनीब राजेंद्र प्रसाद और चालक जयशंकर दीक्षित कंपनी की जीप से 25 लाख रुपया लेकर दादरपुल से होकर पानदरीबा पहुंचे थे।
जहां पान दरीबा के निकट हथियारंबंद बदमाशों ने जीप रोक ली और असलहा सटाकर रुपयों से भरा बैग लेकर दादरपुर की ओर भाग गए। 25 लाख रुपये गेहूं खरीद के भुगतान के लिए बैंक से ओमप्रकाश जायसवाल ने निकलवाया था। इस घटना के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी एसके भगत भी मौके पर पहुंचे थे। उन्हेंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से बात करने के बाद दावा किया था कि पुलिस शीघ्र ही घटना का खुलासा कर लेगी। घटना के करीब चार महीने बीतने के हैं लेकिन पुलिस लुटेरों का पता नहीं लगा सकी।
इस मामले में पीड़ित कारोबारी ओमप्रकाश जायसवाल का कहना है कि पुलिस जानबूझकर घटना का खुलासा नहीं कर रही है। क्योंकि घटना में शामिल अपराधियों को कुछ राजनैतिक लोगों का संरक्षण प्राप्त है। खुलासे के लिए एसपी से लेकर डीजीपी तक गुहार लगा चुका हूं।