शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अर्गूपुरकलां बर्रैया बाजार में मोबाइल की दुकान पर बीती रात पिकअप वाहन सवार बदमशों ने दुकान स्वामी को असलहे से आतंकित कर डेढ़ लाख रुपए के सामान लूट लिए। विरोध में ग्रामीणों ने रविवार की सुबह बीबीगंज चौराहे पर जाम कर नारेबाजी की। सीओ ने समझा बुझाकर घंटेभर बाद जाम समाप्त कराया।
गांव निवासी श्रीपत राजभर की एसपी इण्टरप्राइजेज के नाम से मोबाइल की दुकान है। रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद घर से भोजन आदि करके श्रीपत के पिता राम सुमेर राजभर दुकान के बाहर सोने पहुंचे। रात डेढ़ बजे पिकअप सवार चार पांच की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया। इस बीच जागे राम सुमेर ने विरोध किया तो बदमाशों ने असलहे से आतंकित करते हुए बंधक बना लिया और दुकान के अंदर रखा कम्प्यूटर, लैपटाप, वीडियो कैमरा, फोटो कैमरा, प्रिन्टर, दर्जनों मोबाइल व रिचार्ज कूपन लूटकर भाग निकले।
भुक्तभोगी ने घटना की सूचना परिवार के लोगों को दी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने बीबीगंज चौक पर जाम लगाकर अर्सियां, अखण्डनगर, शाहगंज मार्ग अवरुद्ध कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ रामभवन यादव ने 48 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा करने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने बीबीगंज बाजार में एक संदिग्ध खड़ी पिकअप वाहन को भी कब्जे में लिया है।