मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के चकनवाबाद गांव में शनिवार की रात गंगाराम बंद (55) की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। वह घर से दूर पाही पर सोए थे। उनकी आंख के पास भी धारदार हथियार से चोट के निशान थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज तफ्तीश शुरू कर दी है। इस मामले में अधेड़ के पुत्र अरविंद ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
चकनवाबाद गांव निवासी गंगाराम बिंद खेती का काम करते थे। शनिवार की रात खाना खाने के बाद वह रोज की तरह घर से करीब दो सौ मीटर दूर पाही पर सोने चले गए।
रविवार की सुबह जब गंगाराम को घर पहुंचने में देर हुई तो उनकी बेटी अंजू (13) उन्हें जगाने के लिए पाही पहुंची। वहां उसने देखा पिता का खून से लथपथ शव विस्तर पर पड़ा था।
इसके बाद अंजू के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। गंगाराम का सिर कुचला हुआ था। उनकी आंख के पास धारदार हथियार से चोट के निशान थे। कान और मुहं से भी खून निकल रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस और डाग स्क्वाड मौके पर पहुंचा। चूंकि परिवार के लोग शव को पाही से उठाकर घर लेकर चले गए थे इस नाते डाग स्क्वाड भी कुछ पता नहीं कर सका।
गंगाराम के पुत्र अरविंद ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। अरविंद का कहना है कि उनके पिता की किसी से दुश्मनी नहीं थी, जिससे किसी पर आशंका जताई जाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मछलीशहर कोतवाली के इंस्पेक्टर अरविंद यादव का कहना है कि पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।