पिछौकरा गांव में शनिवार की रात पांच-छह सशस्त्र बदमाशों ने एक घर में डकैती डालकर दहशत फैला दी। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत पांच लाख रुपयों का सामान लूट लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पीड़ित के पड़ोसी से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। बदमाश ने उससे रविवार की शाम तक मेरठ घंटा घर पर एक लाख रुपये लेकर आने की चेतावनी दी है। रुपये नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी है।
शनिवार की रात पिछौकरा गांव में मोसीन पुत्र शफीक अपने घर के बाहर अपने भतीजे आबिद व जिशंात के साथ सोया हुआ था। आधी रात के समय पांच-छह नकाबपोश बदमाशों ने उसके घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने तीनों को हथियारों के बल पर एक कमरे के ले जाकर बंद कर दिया।
इसके बाद परिवार की महिलाओं को उठाकर दूसरे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पूरे मकान को खंगाल डाला। बदमाशों ने 52 हजार की नकदी, सोने का ताज, कुंडल, छह कंगन, बाली, अंगूठी व अन्य सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। घटना के बाद बदमाशों ने घर के पास ही बाहर सोए हाजी रहमत को उठाया।
बदमाशों ने रहमत पर हथियार तानकर कहा कि रविवार की शाम तक मेरठ घंटाघर पर एक लाख रुपये लेकर पहुंच जाना, नहीं तो गोली से उड़ा देंगे। इसके बाद बदमाश हथियार लहराते हुए भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद गांव के लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके। मोसीन ने इस संबंध में एक बदमाश को पहचान लिया है, उसने एक को नामजद कराते हुए चार-पांच अज्ञात के खिलाफ थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।