कोतवाली क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के पास से 14 जुलाई को व्यापारी से हुई 16.10 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से लूट के एक लाख तीन हजार 250 रुपये, चोरी की बाइक, तमंचा, दो कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों जेल भेज दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक रामजी सिंह यादव ने सोमवार को कोतवाली परिसर में बताया कि घासमंडी चौक स्थित चांद मेडिकल स्टोर पर संचालित वेस्टर्न यूनियन से 14 जुलाई को 16.10 लाख रुपये लेकर एराकियाना मुहल्ला निवासी अब्दुल
रसीद बाइक से जा रहे थे। पीएनबी की शाखा से कुछ आगे बदमाशों ने असलहा सटाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। सोमवार को सुबह छह बजे पुलिस को पता चला कि लूट में शामिल आरोपी ताखा पूरब गांव में है। पुलिस ने गांव से
आरोपी अरुण कुमार यादव (25) निवासी खंजहापुर बंतरिया, थाना फूलपुर आजमगढ़ और अदनान (24) निवासी आजमगढ़ मार्ग पुरानी बाजार, शाहगंज को गिरफ्तार कर लिया। पल्सर बाइक भी कब्जे में ले ली। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि
अदनान के पास से 37 हजार 140 रुपये और अरुण कुमार यादव के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा 66 हजार 110 रुपये बरामद किया गया है। बताया कि चार अन्य आरोपी फरार हैं। लूट की बाकी रकम फरार आरोपियों के पास है।