केराकत/खेतासराय। जिले के अलग-अलग स्थानों पर शनिवार की रात चोरों ने कहीं सेंध काटकर तो कहीं ताला तोड़कर लाखों का माल पार कर दिया। केराकत कोतवाली क्षेत्र के सिहौली गांव निवासी राधेश्याम चौहान के घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर नकदी, जेवरात समेत डेढ़ लाख से अधिक का माल चोरों ने पार कर दिया।
राधेश्याम का बेटा कुछ दिन पहले ही सऊदी अरब से घर आया है। राधेश्याम ने बताया कि परिवार के लोग मकान के अगले हिस्से में सोए हुए थे। जबकि अटैची, बाक्स, आलमारी आदि पीछे के कमरे में था। अटैची में भारतीय मुद्रा के साथ सऊदी अरब का 400 रेयाल भी था। अंगूठी, मंगल सूत्र, कपड़े आदि थे।
सेंध लगाकर घुसे चोरों ने सारा माल पार कर दिया। चोर सामान निकालने के बाद बैग घर के पीछे कुछ दूरी पर खेत में छोड़ गए। सुबह जब राधेश्याम उठे तो देखा कि पीछे से दीवार में सेंध लगी हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जाँच किया।और भुक्त भोगी से घटना के बारे में पूछताछ की लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका।
खेतासराय थाना क्षेत्र के मानीकला बाजार में एजेंसी चौराहे के पास जियावन की पान की गुमटी का ताला तोड़कर गुमटी में रखा क़रीब 10 हज़ार रुपए मूल्य के गुटखा पान मसाला व बीड़ी, सिगरेट उठा ले गए।
वहीं मनीखुर्द रोड पर गावं निवासी अमानुल्लाह की आटा चक्की मशीन का ताला तोड़कर चोर 35 किलो सरसों, 100 किलो गेहूं , 25 किलो चावल समेत अन्य सामान उठा ले गए । अमानुल्लाह व जियावन ने घटना की लिखित सुचना थाने पर दी है । पुलिस बिना मामला दर्ज किये छानबीन कर रही है ।