केवटली गांव में बदमाशों ने शनिवार की भोर में सराफा कारोबारी के घर पर बम फेंक कर सनसनी फैला दी। कारोबारी ने पुलिस अधीक्षक राजूबाबू सिंह से मिलकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। घटना से पीड़ित का पूरा परिवार दहशत
में है, क्योंकि बदमाशों ने उनके रिश्तेदार को भी प्रतापगढ़ जिले के अमरगढ़ में कुछ दिन पहले गोली मारकर घायल कर दिया था। गौरतलब है कि 22 अक्तूबर को कारोबारी से बदमाशों ने फोन कर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी थी।
बदलापुर-सुजानगंज रोड पर महराजगंज थानाक्षेत्र के केवटली में शिवपूजन सोनी का मकान है। मकान में ही सराफा और कपड़े की दूकान है। शनिवार की भोर में करीब चार बजे शिवपूजन अपने कमरे में सो रहे थे, तभी तेज धमाका हुआ।
उन्होंने छत से बाहर देखा तो दरवाजे पर धुआं उठ रहा था। थोड़ी देर में गांव वाले जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई। गांव वालों ने बताया कि धमाके के बाद बाइक से दो युवक भागते देखे
गए। शिवपूजन सोनी ने बताया कि 22 अक्तूबर की रात में 11 बजे उनके मोबाइल पर फोन आया था। फोन करने वाले ने कहा था कि तुम्हारे बहनोई शिवकुमार निवासी अमरगढ़ प्रतापगढ़ के भाई सुशील कुमार को इसलिए गोली मार दी गई
क्याेंकि वह रंगदारी नहीं दे रहे थे। तुम पांच लाख रुपये का इंतजाम कर लो नहीं तो तुम्हारा भी वही हश्र होगा। उन्होंने इस मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक और थानाध्यक्ष्ा को दी थी। लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।