मीरगंज क्षेत्र में तस्करों के हमले से घायल पशु पालक।
थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव से गाय को वाहन पर लादकर भाग रहे तस्करों की ग्रामीणों ने घेराबंदी की तो तस्करों ने उन पर पथराव कर दिया। इस दौरान बाइक से पीछा कर रहे दो लोगों पर तस्करों ने पिकअप चढ़ाने का भी प्रयास किया। धक्का लगते ही दोनों गिरकर घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस ने घेरेबंदी की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए। तस्करों के पथराव में तीन लोग घायल हो गए। गोधना निगोह मार्ग पर स्थित मीरपुर गांव पर बुधवार व गुरुवार की रात दो बजे पिकअप सवार तस्कर जीत लाल विश्वकर्मा की गाय लादकर गोधना की तरफ भाग निकले।
इसकी भनक लगते ही ग्रामीणों ने अगहुआ गांव के कुछ लोगों को सूचना देकर बाइक लेकर पीछा करना शुरु कर दिया। अभी वह भटहर गांव पहुंचे थे की नहर पुल पर पिकअप खड़ी दिखाई पड़ी।
बाइक सवारों ने पिकअप के आगे बाइक खड़ी करके उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्करों ने बाइक सवारों को पिकअप की स्पीड तेज करके उन्हें कुचलने का प्रयास किया। बाइक सवारों ने खंदक में कूदकर जान बचाई। इसमें दोनों को चोट आई।
पहले से ही सूचना पाए अगहुआ गांव के कुछ लोगों ने बीच सड़क पर ट्रैक्टर ट्राली को लगा के रास्ते को अवरुद्ध कर दिया था। यह देखकर तस्करों ने अपने पिकअप को वापस मोड़ लिया इसके बाद ग्रामीणों ने हल्ला मचाते हुए उनको पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन वाहन में बैठे बदमाशों ने पथराव करना शुरु कर दिया।
इससे अगहुआ गांव के सीताराम गुप्ता (50) घायल हो गए। पिकअप का पीछा कर रहे बाइक सवार संतोष विश्वकर्मा (35), पप्पू (30) को चोर्टें आइं। मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने घटना की जानकारी दी। लेकिन पुलिस पीछा करना उचित नहीं समझे। जिससे ग्रामीणों को पुलिस के प्रति रोष है।